झारखण्ड

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मंत्री सुदिव्य कुमार ने की समीक्षा बैठक

देवघर: आज दिनांक 3 मई 2026 को देवघर परिसदन में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य, नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पूर्व तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय रहते अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बेहतर मेडिकल सुविधा, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, रूटलाइन में पंडाल निर्माण, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालु यहाँ से एक अच्छी अनुभूति लेकर अपने गंतव्य को लौटें, इसके लिए साज-सज्जा और सुविधाओं को और भी बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास होना चाहिए।

मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभी से ही मेले की तैयारियों में जुटने का आदेश दिया ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं को पुख्ता करने पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने अंत में कहा कि राज्य सरकार का संकल्प इस वर्ष श्रावणी मेले को श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सुलभ और सुखद बनाने का है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *