भाजपा नेता द्वारा बिना अनुमति सरकारी स्कूल में साड़ी वितरण की घोर निंदा, पोषण सखी संघ द्वारा उपायुक्त से कार्रवाई की माँग
गिरिडीह (30 सितंबर 2026) : स्थानीय झंडा मैदान में पोषण सखी संघ की प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में पोषण सखी के अगुआ साथियों की एक अति महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में राज्य भर से आई पोषण सखियाँ शामिल हुईं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य भाजपा नेता सुरेश साव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आँगन मिलन समारोह’ का विरोध करना था। संघ का आरोप है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुर्केडीहा एवं प्रखंड के विभिन्न आँगनवाड़ी केंद्रों में पोषण सखी, सेविका, सहायिका और जल सहिया दीदियों के बीच बिना किसी विभागीय अनुमति के साड़ी का वितरण किया जा रहा है। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने इस कदम की सर्वसम्मति से घोर निंदा की।
बैठक के माध्यम से उपायुक्त महोदय (DC) से गुहार लगाते हुए माँग की गई है कि एक राजनीतिक दल से जुड़े लोग बिना किसी प्रशासनिक व विभागीय अनुमति के सरकारी भवनों में प्रवेश कर रहे हैं। वे सरकारी कर्मचारियों को प्रलोभन देकर साड़ी बाँट रहे हैं, जो पूरी तरह से नियम विरुद्ध है। संघ ने उपायुक्त से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों पर उचित कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने की अपील की है।
इस विरोध बैठक में संघ की जिला सचिव रीता दास, जिला अध्यक्ष रजिया खातून, सीमा कुमारी, ज्योति कुमारी, बबली कुमारी, अनिता कुमारी, निभा कुमारी, रिंकी कुमारी, तमन्ना परवीन, उषा कुमारी, सोनिया हंसदा, सोनाली कुमारी समेत सैकड़ों की संख्या में पोषण सखी बहनें मौजूद रहीं।
