मंत्री रहे स्व. सुदिव्य कुमार सोनू की याद में श्रद्धांजलि सभा, चंद्रवंशी समाज बोला—’असमय जाना राज्य के लिए अपूरणीय क्षति’
गिरिडीह। आल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन (गिरिडीह जिला कमेटी) के तत्वावधान में रविवार को न्यू परिसदन भवन, गिरिडीह में एक शोक सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में गिरिडीह के पूर्व विधायक और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने स्वर्गीय सोनू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए आल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक अजीत कुमार पप्पू ने कहा कि गिरिडीह के सर्वांगीण विकास और आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित समाधान में सुदिव्य कुमार सोनू का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति उनका स्नेह, सहृदयता और सहयोग अतुलनीय था। चंद्रवंशी समाज के प्रति भी उनका विशेष लगाव रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम के अंत में आल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एवं अन्य मुख्य प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. सोनू जी का असमय चले जाना केवल गिरिडीह के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। एसोसिएशन ने उनके द्वारा दिखाए गए सामाजिक समरसता, जनसेवा और विकास के मार्ग पर निरंतर चलने का संकल्प लिया।
इस श्रद्धांजलि सभा में आल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन गिरिडीह के प्रमुख पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
