झारखंड के ‘दिशोम गुरु’ की पहली पुण्यतिथि पर लगेगी 14 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा, CM हेमंत सोरेन करेंगे अनावरण
झारखण्ड : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और राज्य के सर्वप्रिय नेता ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को पूरे प्रदेश में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सत्ताधारी दल झामुमो ने राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस विशेष अवसर पर मुख्य समारोह रामगढ़ जिले में दिशोम गुरु के पैतृक गांव नेमरा और उससे सटे लुकैयाटांड़ में आयोजित किया जा रहा है, जहां पूरे राज्य से हजारों समर्थकों और आम जनता का जमावड़ा जुटने की उम्मीद है।
रामगढ़ जिला के नेमरा लुकैयाटांड़ में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद शिरकत करेंगे। सीएम अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर सबसे पहले दिशोम गुरु को नमन करेंगे और इसके बाद सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में स्थापित की गई दिशोम गुरु की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण करेंगे। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए लुकैयाटांड़ में 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल और भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जहां प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
दिशोम गुरु की याद में केवल रामगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरा झारखंड एकजुट नजर आने वाला है। झामुमो संगठन के अनुसार, राज्य के सभी 24 जिलों में स्थित पार्टी कार्यालयों, प्रमुख चौक-चौराहों और पार्कों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी, जहां कार्यकर्ता और आम नागरिक अपने प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके अलावा गिरिडीह, राँची में भी दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा रही है। पूरे राज्य में होने वाले इन आयोजनों में झामुमो के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके अनगिनत समर्थकों की भारी मौजूदगी रहेगी।
