रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के मुद्दे पर तीखी सियासी बहस और हंगामा देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चले आरोप-प्रत्यारोप के बीच सदन ने SIR की मौजूदा प्रक्रिया को तत्काल रोकने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग से जुड़ा राजकीय संकल्प ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक चंपई सोरेन ने बदलती जनसांख्यिकी, जमीन के मामलों और चुनाव में आरक्षण से जुड़े कई गंभीर सवाल उठाकर सियासी पारा बढ़ा दिया।

सरकार का पक्ष
सत्र के दौरान संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के खिलाफ राजकीय संकल्प रखा। प्रस्ताव के माध्यम से सरकार ने मतदाता सूची में हुए बदलावों पर चिंता जताई और दावा किया कि राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप सूची में लगभग 2.21 करोड़ नाम ही शामिल किए गए। इस हिसाब से करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से बाहर होने की बात कही गई।
प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि करीब 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदिग्ध श्रेणी में रखते हुए नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले नाम की स्पेलिंग, उम्र या सामान्य विवरण की त्रुटियों से जुड़े बताए गए।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां अलग हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी, जंगली और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी, आदिम जनजाति और पिछड़े वर्ग के कई नागरिकों के पास औपचारिक दस्तावेज नहीं होते, ऐसे में जन्म प्रमाण पत्र जैसी शर्तें लागू करना व्यावहारिक नहीं है। उनके अनुसार करीब 14.50 लाख आदिवासी, आदिम जनजाति और पिछड़े वर्ग से जुड़े मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
चंपई सोरेन ने उठाए डेमोग्राफी चैंज, जमीन और आरक्षण के मुद्दे
सत्र में हिस्सा लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्रों की बदलती जनसांख्यिकी पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग दो तिहाई मतदाता एक विशेष समुदाय के हैं। उनके मुताबिक, सीएनटी-एसपीटी एक्ट (CNT-SPT Act) लागू होने के बावजूद साहेबगंज, राजमहल, बरहेट से लेकर कोल्हान के कपाली तक जनसांख्यिकी तेजी से बदल रही है।
चंपई सोरेन ने दावा किया कि पाकुड़ के जिकरहट्टी, मालपहाड़िया, तलवाडांगा और किताझोर समेत दर्जनों ऐसे गांव हैं, जहां अब आदिवासी ढूंढ़ने से भी नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि यह स्थिति झारखंड की मूल भावना के खिलाफ है और SIR जैसी प्रक्रिया से ऐसे मामलों की पहचान हो सकती है।
झारखंड आंदोलन के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की बात करने वाले लोग सत्ता में आने के बाद आंदोलन की मूल भावना को भूल गए हैं, जिससे आदिवासियों और मूलवासियों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सवाल किया कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट मौजूद होने के बावजूद विदेशी घुसपैठियों के “जमाई टोले” कैसे बस रहे हैं और जमीन की इस कथित लूट को रोकना क्यों जरूरी है।
विवाह और चुनावी आरक्षण का विषय उठाते हुए चंपई सोरेन ने कहा कि जब ओडिशा या अन्य राज्यों से किसी बेटी को बहू बनाकर लाया जाता है, तो उसे यहां चुनाव में आरक्षण नहीं मिलता, जबकि आदिवासी समाज की बेटी के समाज से बाहर विवाह करने पर उसे चुनाव लड़ने से रोकने को लेकर भी उन्होंने प्रश्नचिह्न लगाया।
इसके अलावा उन्होंने लंबित राजस्व मामलों का आंकड़ा पेश करते हुए कहा कि रांची रेवेन्यू कोर्ट में 20,178 मामले लंबित हैं और पूरे झारखंड में यह संख्या 54,811 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने पूछा कि हजारों परिवारों को अपनी जमीन बचाने के लिए अदालतों के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं और क्या आदिवासियों व मूलवासियों की जमीन को नीलाम करने की स्थिति बनाई जा रही है।
विपक्ष ने सत्र की मंशा और आंकड़ों पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने विशेष सत्र बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय के जरिए जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।
बाबूलाल मरांडी ने सदन में अलग आंकड़े रखते हुए दावा किया कि सूची से नाम हटने के पीछे वास्तविक कारण छिपाए जा रहे हैं। उन्होंने 7.63 लाख मृत मतदाताओं, 15.53 लाख स्थानांतरित मतदाताओं, 4.38 लाख दोहरे नामों और 14.50 लाख अनुपस्थित या लापता मतदाताओं का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धि के लिए ऐसे नामों का हटाया जाना आवश्यक है।
सदन के भीतर तीखी नोकझोंक और अन्य सदस्यों के विचार
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चर्चा के दौरान सदन में कई मौकों पर तनाव और शोर-शराबा देखने को मिला। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने SIR को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के रवैये पर सवाल उठाए, जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। बहस के दौरान नामों के उल्लेख को लेकर हुई चूक पर विपक्षी सदस्यों ने आपत्ति जताई, जिससे सदन का माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया।
अन्य विधायकों ने भी इस विषय पर अपने विचार रखे:
सरयू राय:- उन्होंने कहा कि विधानसभा में पारित प्रस्ताव से चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया पर सीधा प्रभाव नहीं पड़ता और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने से जुड़ी मांग को लेकर सदन से प्रस्ताव भेजना उचित परंपरा नहीं है।
जयराम महतो:- डुमरी विधायक ने सुझाव दिया कि पात्र मतदाताओं को परेशानी न हो, इसके लिए पंचायत और गांव स्तर पर विशेष शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
संकल्प पारित और आगे की कार्यवाही
लंबी बहस के बाद सत्ता पक्ष ने मांग की कि SIR की वर्तमान प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद नई और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय संकल्प को ध्वनिमत से पारित घोषित किया और सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
बहरहाल, पहले दिन मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर मचे सियासी घमासान के बाद अब सबकी निगाहें विशेष सत्र के दूसरे दिन पर टिकी हैं, जहां सदन में केंद्र के संशोधित खनिज कानून (MMDR Amendment Act, 2026) से जुड़े अहम मुद्दों पर गरमागरम चर्चा होने के आसार हैं।




