नामकुम (रांची), 25 नवंबर: अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा प्रतिरोध दिवस के अवसर पर बगईचा सामाजिक केंद्र (नामकुम) के अखड़ा से 16 दिवसीय महिला हिंसा पखवाड़ा की शुरुआत की गई।
यह अभियान 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत आदिवासी विमेंस नेटवर्क (AWN), छोटानागपुर सांस्कृतिक संघ (CSS), अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (AIPWA), झारखंड घरेलू कामगार यूनियन, नेमहा वैली फाउंडेशन, संभवा इंजोर, हाशिया सोशल लीगल सेंटर फॉर वीमेन, J-PAL South Asia और इंटर स्टेट आदिवासी विमेंस नेटवर्क (ISAWN) सहित कई संगठनों ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले सभी भेदभाव को समाप्त करने वाली संविदा (CEDAW), सामान्य अनुशंसा 39, मानसिक स्वास्थ्य और महिला हिंसा से जुड़े मामलों की कानूनी प्रक्रिया की जटिलताओं पर चर्चा की गई।
अभियान के दौरान संगठनों ने अपने-अपने स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य पर कार्यशाला, घरेलू कामगारों के अधिकारों पर जागरूकता, CEDAW आधारित समानता पर संवाद और महिलाओं को कानूनी सलाह व न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए वकीलों की एक लीगल सपोर्ट टीम बनाने पर सहमति जताई।
सत्र में रश्मि बिरुआ ने मानसिक स्वास्थ्य की आवश्यकता पर बात रखी, किरण ने 16 दिवसीय पखवाड़े की जानकारी दी और अधिवक्ता पियूशिता ने कानूनी प्रक्रिया में सक्रियता पर अपने विचार साझा किए।
सच्ची ने कहा कि केवल कानून होना काफी नहीं है, जब तक हिंसा करने वाला समाज लैंगिक रूप से संवेदनशील नहीं होगा तब तक कानून दंतविहीन ही रहेंगे, क्योंकि समाज में हिंसा की आदत वाले लोग कानून की कमजोरी का फायदा उठाते हैं और आम महिलाएं अपना नुकसान करती हैं, इसलिए लैंगिक संवेदनशीलता के साथ कानूनी जागरूकता और मजबूत सपोर्ट सिस्टम जरूरी है।
एलिना ने CEDAW के तीन सिद्धांतों समानता, अभेदभावपूर्ण व्यवहार और राष्ट्र के दायित्व पर बोलते हुए कहा कि वास्तविक समानता के लिए बिना शर्त और महिलाओं की विशेष जरूरतों के आधार पर समान अवसर मिलना जरूरी है तथा नीतियां और कानून इन्हीं सिद्धांतों पर बनने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने पिछले दो टर्म से CEDAW की पीरियॉडिक रिपोर्ट नहीं दी है, जो महिलाओं के अधिकारों के प्रति राष्ट्र की असंवेदनशीलता और अवहेलना को दिखाता है। नंदिता ने कहा कि बिना शिक्षा और मुफ्त शिक्षा के महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव और पितृसत्तात्मक गैर-बराबरी को खत्म नहीं किया जा सकता, जबकि अनीमा बा ने कहा कि कानून तक महिलाओं की पहुंच ही नहीं है और व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिमडेगा से अगुस्तिना सोरेन, आशा तिर्की, अश्वती शर्मा, इशिता जेठवा, किरण, रेजिना टोप्पो, रीना किसपोट्टा, माला कुजूर, रोज़ मधु कुजूर, सुमी उरांव, हीरा मिंज, शेषागिरी, अधिवक्ता पियूशिता टुडू और मिहिर समेत अन्य प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




