संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की स्वीकृति, 2050 तक लागू रह सकती है सीटों की नई अधिकतम सीमा; संसद के विशेष सत्र पर टिकी नजरें।
नई दिल्ली। देश की संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई।
इसके तहत देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या अधिकतम 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव में सीटों की संशोधित अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक लागू रखने की बात भी शामिल है। केंद्र सरकार का यह फैसला संसद के विशेष सत्र से पहले आया है।
30 नवंबर से शुरू होने वाले इस सत्र में परिसीमन
और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों में संशोधन की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में कैबिनेट की इस मंजूरी को आगामी संसदीय बदलावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा की बैठक के साथ शुरू होगा।
वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से प्रारंभ होगी। इस दौरान सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को संसद में आगे बढ़ा सकती है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब इस प्रस्ताव पर संसदीय प्रक्रिया और चर्चा महत्वपूर्ण होगी।
सभी राज्यों में बढ़ सकती हैं लोकसभा सीटें प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा में राज्यों की मौजूदा सीटों की संख्या में अधिकतम 50 प्रतिशत तक इजाफा किया जा सकता है। इससे संसद में प्रतिनिधित्व की व्यवस्था में बदलाव आने की संभावना है। हालांकि, किस राज्य में कितनी सीटें बढ़ेंगी और उनका नया निर्धारण किस आधार पर होगा, यह आगे की परिसीमन प्रक्रिया और विधेयक के अंतिम प्रावधानों से स्पष्ट होगा।महिला आरक्षण से भी जुड़ा है फैसला परिसीमन से संबंधित इस प्रस्ताव को महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संसद के विशेष सत्र में सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती है, इस पर राजनीतिक और संसदीय हलकों की नजर रहेगी।














