Breaking
झारखण्ड

Breaking: छात्र आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों पर हो 48 घंटे में कार्रवाई, INDIA गठबंधन ने मुख्य सचिव को सौंपा वीडियो फुटेज

रांची। छात्र आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने और अराजकता फैलाने की कोशिशों पर नकेल कसने के लिए INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। झामुमो, कांग्रेस, राजद और माले के नेताओं ने मुख्य सचिव को आंदोलन के दौरान हुई उपद्रव की घटनाओं से जुड़े वीडियो फुटेज सौंपे और दोषियों की पहचान कर 48 घंटे के भीतर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
गठबंधन नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार और गठबंधन छात्रों की जायज मांगों व उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं, लेकिन आंदोलन की आड़ में राजनीतिक रंजिश साधने और शांति-व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्रों और उपद्रवियों में किया जाए फर्क: विनोद पांडेय
झामुमो के प्रांतीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि निर्दोष छात्रों और अराजकता फैलाने वाले तत्वों को एक ही चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित किया जाए। यदि किसी छात्र की संलिप्तता भी कानून तोड़ने में पाई जाती है, तो उसे महज छात्र होने के नाते ढील नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल और उसके सहयोगी संगठन छात्रों के वास्तविक मुद्दों को सुलझाने के बजाय सरकार को बदनाम करने के लिए स्थिति को उग्र कर रहे हैं।
जांच में तेजी और CID कार्रवाई का समर्थन
पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि उपद्रवियों पर ढिलाई से उनके हौसले बुलंद होंगे, इसलिए 48 घंटे के भीतर ठोस कदम उठाना जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने CGL और JPSC जैसी परीक्षाओं से जुड़े मामलों की CID जांच में तेजी लाने पर जोर दिया। नेताओं ने बताया कि CID पहले से ही सक्रिय है और इस मामले में कई आरोपियों से पूछताछ व गिरफ्तारियां जारी हैं। सरकार का रुख साफ है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य सचिव से मिलने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में झामुमो महासचिव विनोद पांडेय, विधायक विकास मुंडा, एमटी राजा, सुदीप गुडिया; कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, विधायक राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, ममता देवी; तथा राजद के मनोज पांडेय और आबिद अली समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *