झारखण्ड

गिरिडीह में कुशवाहा संघ ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को याद कर दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह: स्थानीय कुशवाहा छात्रावास परिसर में कुशवाहा संघ के बैनर तले एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सभा में उपस्थित समाज के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों ने उनके असमय निधन को गिरिडीह क्षेत्र और पूरे राज्य के लिए एक कभी न पूरी होने वाली क्षति बताया।

शोक सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति के सदस्य प्रणव वर्मा ने स्व. सुदिव्य सोनू के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नए आयाम देने में पूर्व मंत्री की मुख्य भूमिका रही। विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान और जूलॉजिकल पार्क जैसी बड़ी परियोजनाएं उन्हीं की मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम हैं। प्रणव वर्मा के अनुसार, सुदिव्य सोनू ने क्षेत्र की प्रगति के लिए जो दूरगामी कार्य किए हैं, वे आने वाले कई दशकों तक याद रखे जाएंगे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान कुशवाहा संघ के जिला अध्यक्ष इंद्र नारायण वर्मा ने कहा मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार व्यक्तिगत रूप से बहुत अच्छे इंसान थे। और उन्हीं के सपोर्ट सहयोग से गिरिडीह में स्व रितलाल प्रसाद वर्मा का स्टेचू लग पाया। अब बारी है झारखंड मुक्ति मोर्चा को कुशवाहा की राजनीतिक ताकत को समझते हुए नेतृत्व का अवसर दे।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. सोनू केवल एक राजनीतिक पद पर आसीन व्यक्ति नहीं थे, बल्कि गिरिडीह को एक आधुनिक पहचान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व सुधार किए, जिनका सीधा लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान कुशवाहा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष दिगंबर दिवाकर, मुन्ना कुशवाहा, बेंगाबाद प्रखंड अध्यक्ष पवन वर्मा, कुलदीप नारायण, राजेश वर्मा, प्रमोद वर्मा, निरंजन वर्मा, दिलीप कुमार, शिवनंदन कुमार, पिंटू कुशवाहा, किशोर कुमार, संजय वर्मा, दीपक वर्मा, विजय वर्मा, अनुज वर्मा, रोहित वर्मा, डॉ. शशिभूषण वर्मा, ओमप्रकाश महतो, बैजनाथ महतो, रामदेव वर्मा, नरेश वर्मा और रामानंद वर्मा समेत संघ के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उनके शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *