MMDR संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ JMM का हल्लाबोल: 7 सितंबर को गिरिडीह में धरना-प्रदर्शन, आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी
गिरिडीह। केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के खिलाफ झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस कानून के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसी कड़ी में गिरिडीह के हटिया मैदान कोवाड में JMM प्रखंड कमेटी (पश्चिमी) की एक अहम बैठक आयोजित की गई। अनवर अंसारी की अध्यक्षता और प्रखंड सचिव विनोद सोरेन के संचालन में हुई इस बैठक में 7 सितंबर 2026 को प्रखंड मुख्यालय पर प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्य के अधिकारों से समझौता नहीं: अनवर अंसारी
बैठक को संबोधित करते हुए अनवर अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार का प्रस्तावित खनिज संशोधन कानून झारखंड के अधिकारों को कमजोर करने वाला है। झारखंड की खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का सीधा उपयोग राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में होता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि राज्य के हितों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। JMM इसके खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी और जरूरत पड़ी तो राज्य में आर्थिक नाकेबंदी भी की जाएगी।
इस विरोध बैठक में कोलियरी यूनियन के अध्यक्ष हरगोविंद साव, व्यवसायी मोर्चा के लेखो मंडल, तेलोडीह मुखिया शब्बीर आलम, आमिर अली, शमशाद आलम, रवींद्र वर्मा, देवचरण दास, चुड़का हांसदा, पंकज वर्मा और मनोज मंडल समेत प्रखंड के सभी पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, सचिव और सैकड़ों की संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
