- सादगी से मना स्थापना दिवस, विधानसभा अध्यक्ष ने किया स्वागत और जताया आभार
- महिला सशक्तिकरण व योजनाओं की देशभर में सराहना, वर्ष 2050 के झारखंड के विजन पर काम
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस बड़े ही सादगी पूर्ण तरीके से मनाया गया. स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए।समारोह में मंचासीन अतिथियों का स्वागत विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र महतो ने किया. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने समारोह को लेकर कहा कि वर्षगांठ का यह अवसर राज्य की लोकतांत्रिक यात्रा का उत्सव होने के साथ-साथ उन नेतृत्वकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है, जिन्होंने इस संस्था को सशक्त, पारदर्शी और जन केंद्रित बनाया है।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया। साथ ही विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 26वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड विधानसभा राज्य का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है, जहां सभी समान हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्था केवल एक संस्थान नहीं बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसकी ताकत और लोकतांत्रिक व्यवस्था को पूरी दुनिया मानती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और समितियां राज्य के विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा के उद्देश्य से कार्य करती हैं तथा यह आम नागरिकों के हित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से झारखंड ने देश के सामने एक अलग पहचान बनाई है और राज्य की नीतियां दूसरे राज्यों के लिए भी नजीर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है। वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखते हुए सरकार राज्य को विकसित, समृद्ध और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है तथा आंदोलनकारियों और पूर्वजों के सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पित है।

स्थापना दिवस समारोह को सादगी से मनाने की वजह बताते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल के समय में कई कठिन परिस्थितियों (झंझावातों) से गुजरने के कारण इस बार स्थापना दिवस समारोह को बहुत भव्य पैमाने के बजाय सादगी से मनाया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अगले स्थापना दिवस पर इस कमी को पूरा करते हुए राज्य को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस समारोह में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो और नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति, प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी, कर्मी के साथ और भी अतिथि उपस्थित रहे।
