राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

झारखण्ड :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आज मोरहाबादी मैदान, बापू वाटिका स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बापू वाटिका में स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन एवं रामधुन प्रस्तुत किया। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित सभी गणमान्य लोग राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की आत्मीयता में मंत्रमुग्ध हो गये। मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज हम सभी लोग महात्मा गांधी को स्मरण करते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी का जीवन समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हम सभी उनके आदर्शों पर चलें ये हमारा विश्वास है। राज्यपाल श्री गंगवार ने भारत सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्मृति शेष-दिशोम गुरु स्व० शिबू सोरेन जी को पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत करना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु स्मृति शेष-स्व० शिबू सोरेन जी को सम्मानित करना झारखंड राज्य के प्रति भारत सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। दिशोम गुरु स्मृति शेष-स्व० शिबू सोरेन जी का नाम सदैव अमर रहेगा। इस राज्य को बनाने में उनका अहम योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें पूरा देश याद कर रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का व्यक्तित्व, उनका जीवन दर्शन, उनका त्याग, संघर्ष एवं आदर्श पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही समृद्ध राज्य , विकसित देश एवं शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया की परिकल्पना को साकार किया जा सकेगा।मौके पर उपस्थित मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

