रील्स ही नहीं, मंच पर भी छाया ‘जेन अल्फा’ का जलवा: स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों ने बांधा समां

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के संगम विहार में 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ज्ञान दृष्टि ट्रस्ट के तत्वावधान में देशभक्ति, संस्कृति और जनसेवा के अनूठे संगम के साथ ध्वजारोहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान जहाँ एक ओर देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय निवासियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा जागरूकता शिविर लगाकर सामाजिक दायित्व की मिसाल पेश की गई।

समारोह के दौरान राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (भारत सरकार) के सौजन्य से ‘बरगद’ संस्था द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने अपनी जांच कराई और चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में एम्स (AIIMS) के डॉ. बलजीत, डॉ. चंद्रशेखर आजाद और प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. सविता राउत जैसे विशेषज्ञों ने अपनी निस्वार्थ सेवाएं प्रदान कीं।
सांस्कृतिक मंच पर ज्ञान दृष्टि ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई, ब्यूटी-मेकअप और गायन प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों ने अपनी अद्भुत कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंच संचालन की कमान संभालते हुए ‘जेन अल्फा’ के युवा एंकर चंदन यादव और वंशिका माथुर ने अपनी बेहतरीन वाक्पटुता और मंच प्रबंधन से यह साबित कर दिया कि आज की युवा पीढ़ी सिर्फ सोशल मीडिया रील्स तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक मंच संचालन में भी अव्वल है। बच्चों द्वारा भारत के अलग-अलग राज्यों के लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं—कृति, चेतना, राखी, नेहा, रहीमा, रिशा, मुस्कान, रूबी, सायमा, भारती और संजना—को प्रथम पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि व समाजसेवी शिवशरण कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश भारत अब तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहा है। देश की नारी शक्ति हर क्षेत्र में बराबरी से योगदान दे रही है और हमारी ‘जेन अल्फा’ (नई पीढ़ी) एआई और तकनीक के क्षेत्र में नए कीर्तिमान रच रही है। वहीं बरगद संस्था के अध्यक्ष हरदयाल कुशवाहा ने कहा कि आजादी के 80 वर्षों की यह यात्रा देशवासियों के कड़े परिश्रम का परिणाम है, जिसके बल पर आज भारत एक सशक्त और ‘विकसित भारत’ के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस विशाल आयोजन में समाजसेवी शक्ति कुमार शोला सहित कई गणमान्य अतिथियों और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लेकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को गरिमामय और यादगार बनाया।

Nice अति सुंदर कार्यक्रम बरगद संस्था द्वारा किया ❤️❤️❤️🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳