झारखण्डप्रमुख खबरे

खरगडीहा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई महात्मा गांधी की पुण्यतिथि ।

Giridih : खरगडीहा (जमुआ) स्थित बेसिक स्कूल प्रांगण में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित लोगों ने बापू के सत्य, अहिंसा और सेवा के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया


सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता अनिल चौधरी ने कहा “महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उनके सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही देश को मजबूत और समृद्ध बनाया जा सकता है। आज के युवाओं को चाहिए कि वे बापू के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।”‘

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और नैतिक मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है, जिसे गांधी जी के विचारों से ही मजबूत किया जा सकता है।


वहीं सेवानिवृत शिक्षक श्याम सुंदर राम ने कहा कि गांधी जी का जीवन सादगी, संघर्ष और सेवा का प्रतीक है, जिससे प्रत्येक नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए।
पूर्व मुखिया सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष चीना खान ने कहा कि बापू के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय की स्थापना संभव है।


कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में शांति व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस नेता अनिल चौधरी, सेवानिवृत शिक्षक श्याम सुंदर राम, पूर्व मुखिया सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष चीना खान, समाजसेवी जुल्फिकार अली, प्रोफेसर प्रफुल्ल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *