जर्जर सड़क पर फिसला 12 चक्का ट्रक, अनियंत्रित होकर जा गिरा तालाब में ।
Breaking news – जमुआ (गिरिडीह): जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित कंदाजोर में 23 जनवरी शुक्रवार को तड़के सुबह जर्जर सड़क पर रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला।
यहाँ जर्जर सड़क पर एक तेज रफ्तार 12 पहिया ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरा।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह दुर्घटना प्रातः लगभग 4:00 बजे की है। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि जर्जर सड़क पर ट्रक जंप कर गया और चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे तालाब में जा समाया।
गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई। ट्रक चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही जमुआ पुलिस प्रशासन की हरकत तेज हुई। पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और दुर्घटना के कारणों की जाँच में जुट गई है। फिलहाल ट्रक को तालाब से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सबसे बड़ी बात यह निकलकर आ रही है कि यह रोड कोडरमा से गिरिडीह को जोड़ती है और जहां दुर्घटना हुई उस स्थान पर सड़क काफी क्षतिग्रस्त है जिस वजह से आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है ।
सड़क के किनारे जमुआ का प्रसिद्ध तालाब है जहां दिन में सैकड़ों लोग नहाने कपड़ा धोने आते हैं। अगर यह घटना दिन में घटित होती तो जानलेवा हो सकता था। यहां आए दिन किसी न किसी प्रकार की घटना सामने होती रहती है । हमेशा वाहनों को परिचालन की समस्या रहती है जिस कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है !

