Aaina Plus News
सच दिखेगा तो बोलेगा

बाबूलाल मरांडी बेचारा न बनें, उनके पास कोई ठोस सबूत है तो कानून की मदद लें :विनोद कुमार पांडेय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

भाजपा के आरोपों पर झामुमो महासचिव विनोद पांडेय का लगातार जवाब आ रहा, जिसमें महासचिव पाण्डेय ने बाबूलाल मरांडी को घेरते हुए नजर आ रहे हैं।

बीते 02 जून 2025 को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने वाला बताया है, जिसमें उन्होंने अपनी जान पर खतरा और सरकार द्वारा गलत मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका जताई है। झामुमो के महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने इन आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए इसे सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का हथकंडा करार दिया है। उन्होंने आगे कहा कि मरांडी जी का यह रवैया झारखंड की प्रगति के खिलाफ है। जब राज्य सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करती है तो मरांडी जी परेशान हो उठते हैं।

वहीं आज झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा को घेरते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगाए गए आरोप न केवल तथ्यहीन हैं बल्कि यह उनके राजनीतिक दिवालियापन का प्रमाण भी हैं। बाबूलाल मरांडी के प्रति हम सभी सम्मान का भाव रखते हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे अब भाजपा के एजेंडे का हिस्सा बनकर झूठ और भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी निजी पीड़ा का हम सम्मान करते हैं, लेकिन इससे उन्हें यह अधिकार नहीं मिल जाता कि वे निराधार आरोपों से एक संवैधानिक सरकार की छवि को धूमिल करने की साजिश रचते रहें। झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन से निकली एक पार्टी है जिसने जनसरोकारों के लिए दशकों तक संघर्ष किया है। त्याग का पाठ हमें किसी से सीखने की जरूरत नहीं। आदिवासी हितों की रक्षा हमारा मूल मंत्र है। बाबूलाल मरांडी ने नगड़ी या किसी अन्य स्थान पर आदिवासियों के हित में क्या कार्य किया, यह सबके सामने है। हम पूछना चाहते हैं कि भाजपा की सरकारों ने उनके कार्यकाल में कितनी बार नगड़ी जैसे संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता दी?

- Advertisement -

भाजपा की ओर से यह कहना कि सरकार ‘बाबूलाल फोबिया’से ग्रस्त है, हास्यास्पद है। हकीकत यह है कि भाजपा को यह स्वीकार नहीं हो रहा कि राज्य की जनता ने उन्हें बार-बार नकारा है। इनका जो हाल है उससे साफ है कि 2029 में भी हेमंत सरकार झारखंड की सत्ता संभालेगी। माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हर सेक्टर सामाजिक, आर्थिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर बेमिशाल काम किया है और पहली बार हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का सही दिशा में विकास हो रहा है। हर वर्ग के चेहरे पर खुशहाली है। यही भाजपा और बाबूलाल मरांडी की बेचैनी का कारण है।

बाबूलाल मरांडी अब भाजपा के मुखौटे के तौर पर उपयोग हो रहे हैं। उनकी छवि और उनके पुराने संघर्षों को भाजपा के दुष्प्रचार में मोहरा बनाया जा रहा है।

अगर बाबूलाल मरांडी के पास कोई ठोस सबूत हैं कि उनके और उनके करीबियों के खिलाफ षड्यंत्र हो रहा है, तो उन्हें कानून की मदद लेनी चाहिए। आखिर वह कब तक राजनीतिक बेचारा बन कर सियासत करते रहेंगे। लेकिन, वे एक जिम्मेदार नेता होते हुए भी मीडिया के माध्यम से केवल सनसनी फैलाने का कार्य कर रहे हैं। यह उनके राजनीतिक उद्देश्य और इसके गिरते स्तर को ही उजागर करता है।

राजधर्म की दुहाई देने वालों को पहले खुद आत्मावलोकन करना चाहिए। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि जब वे सत्ता में होते हैं, तब प्रशासनिक तंत्र का किस तरह दुरुपयोग करते हैं। झारखंड की जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा केवल भ्रम और विभाजन की राजनीति करती है, जबकि हेमंत सरकार विकास, सामाजिक न्याय और शांति की राजनीति करती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.